वसई। दिवाली की रोशनी उन घरों तक भी पहुंचे, जहां त्योहार की मिठास खरीदना मुश्किल है। इसी सोच के साथ नालासोपारा में ‘आनंदाची दिवाली’ अभियान शुरू किया गया है। लगातार पांचवें वर्ष चल रहे इस अभियान में इस बार 3100 जरूरतमंद परिवारों तक मिठाई और खाद्य सामग्री से भरे बॉक्स पहुंचाने का लक्ष्य रखा गया है। मंगलवार को अलकापुरी स्थित नालेश्वर मंदिर में अभियान के किचन का उद्घाटन किया गया।
उद्घाटन अवसर पर भाजपा नेता अमित दुबे, सुरेश प्रजापति, राकेश पांडे, रमेश पांडे, पवन बिड़लन, नगरसेवक चंद्रकांत गोरीवाले और राजू बरनवाल मौजूद रहे। अभियान की कमान अध्यक्ष कुणाल गुप्ता के नेतृत्व में युवा टीम संभाल रही है। राजनीतिक दलों के पदाधिकारी-कार्यकर्ता, स्थानीय संस्थाएं और महिला बचत समूह भी इसमें सहयोग कर रहे हैं। अमित दुबे ने कहा कि प्रयास सिर्फ सामग्री बांटना नहीं, बल्कि ऐसे परिवारों तक त्योहार की खुशियां पहुंचाना है, जो अपनी जरूरत खुलकर नहीं बता पाते।
Post a Comment