मुंबई। नवितास सोलर ने घोषणा की है कि उसकी इंजीनियरिंग, प्रोक्योरमेंट एंड कंस्ट्रक्शन (ईपीसी) इकाई नवितास प्लैनेट को जाम्बिया के सेरेन्जे प्रांत में 54 मेगावाट क्षमता वाली यूटिलिटी-स्केल सोलर पावर परियोजना विकसित करने के लिए 2 करोड़ डॉलर का प्रोजेक्ट मिला है। यह नवितास सोलर की वैश्विक विस्तार रणनीति का अहम पड़ाव है और इससे अफ्रीका के तेजी से उभरते नवीकरणीय ऊर्जा बाजार में कंपनी की स्थिति और मजबूत होगी।
ईपीसी अनुबंध के तहत नवितास प्लैनेट इंजीनियरिंग, उपकरणों की खरीद, निर्माण और सोलर पावर प्लांट की कमीशनिंग सहित पूरी परियोजना का क्रियान्वयन करेगी। परियोजना में नवितास सोलर के उच्च दक्षता वाले बाइफेशियल टॉपकॉन मॉड्यूल के साथ वैश्विक कंपनियों के अन्य प्रमुख उपकरणों का भी इस्तेमाल किया जाएगा। कंपनी को इस परियोजना के सात से आठ महीने के भीतर पूरी होकर चालू होने की उम्मीद है।
नवितास सोलर के निदेशक सुनय शाह ने कहा, ‘’यह परियोजना नवितास प्लैनेट की अंतरराष्ट्रीय विकास यात्रा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है। साथ ही, यह भारतीय नवीकरणीय ऊर्जा क्षेत्र की विशेषज्ञता की वैश्विक स्तर पर बढ़ती मांग को भी दर्शाती है। जाम्बिया अपनी ऊर्जा व्यवस्था में विविधता लाने की दिशा में तेजी से काम कर रहा है, जिससे बड़े सोलर प्रोजेक्ट्स के लिए नए अवसर पैदा हो रहे हैं। इस परियोजना के माध्यम से हमारा लक्ष्य विश्वसनीय और उच्च गुणवत्ता वाला स्वच्छ ऊर्जा ढांचा विकसित करने के साथ अफ्रीका में दीर्घकालिक साझेदारियां स्थापित करना है, जो अफ्रीका के सस्टेनेबल एनर्जी के भविष्य को मजबूती देंगी।‘’
यह परियोजना नवीकरणीय ऊर्जा क्षमता बढ़ाने के साथ-साथ पर्यावरण और स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी लाभ पहुंचाएगी। परिचालन शुरू होने के बाद यह सोलर प्लांट स्वच्छ बिजली का उत्पादन करेगा और हर वर्ष लगभग 42,570 टन कार्बन उत्सर्जन में कमी लाने में मदद करेगा। इसके अलावा, निर्माण कार्य और उससे जुड़ी अन्य गतिविधियों के दौरान स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर पैदा होंगे, जिससे क्षेत्र के आर्थिक विकास और कौशल विकास को भी बढ़ावा मिलेगा।
यह परियोजना पेरिस समझौते के तहत जाम्बिया की नेशनलली डिटरमाइंड कंट्रीब्यूशंस (एनडीसी) प्रतिबद्धताओं को भी मजबूती देगी। जाम्बिया ने वर्ष 2030 तक ग्रीनहाउस गैस उत्सर्जन में 47% की कमी का लक्ष्य रखा है। अफ्रीका में नवितास प्लैनेट की यह पहली यूटिलिटी-स्केल ईपीसी परियोजना है, जो महाद्वीप में कंपनी की दीर्घकालिक विस्तार रणनीति की मजबूत नींव रखेगी।
Post a Comment