0
मुंबई। प्रसिद्ध उद्योगपति, फिल्म निर्माता और समाजसेवक गणपत कोठारी (कोठारी ग्रुप ऑफ कंपनीज़ के अध्यक्ष) को उनकी सामाजिक प्रतिबद्धता के सम्मान में राजस्थान फाउंडेशन के मुंबई चैप्टर का अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। राजस्थान राज्य के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा राजस्थान फाउंडेशन के प्रदेश अध्यक्ष हैं। राजस्थान सरकार के उद्योग एवं वाणिज्य विभाग के अधीन एक संगठन राजस्थान फाउंडेशन प्रवासी राजस्थानियों और उनकी मातृभूमि के बीच निरंतर नए संबंध बनाने और पुराने संबंधों को मजबूत करने का लक्ष्य रखता है। राजस्थान फाउंडेशन प्रवासी राजस्थानियों के साथ बातचीत और जुड़ाव के लिए एक मंच प्रदान करने हेतु देश और विदेश के विभिन्न शहरों में अपने चैप्टर स्थापित करता है। अब तक राजस्थान फाउंडेशन का 26 चैप्टर स्थापित हो चुके हैं, जिनमें से 14 चैप्टर भारत में हैं, जिनमें भुवनेश्वर, दिल्ली, गुवाहाटी, पुणे, रांची, मुंबई, चेन्नई, अहमदाबाद, सूरत, बेंगलुरु, हैदराबाद, इंदौर, कोयम्बटूर और कोलकाता शामिल हैं, जबकि 12 चैप्टर विदेशों में स्थापित हैं, जिनमें दोहा (कतर), दुबई (यूएई), कंपाला (युगांडा), मेलबर्न (ऑस्ट्रेलिया), म्यूनिख (जर्मनी), नैरोबी (केन्या), रियाद (सऊदी अरब), सिंगापुर, टोक्यो (जापान), काठमांडू (नेपाल), लंदन (यूके) और न्यूयॉर्क (अमेरिका) शामिल हैं।

राजस्थान फाउंडेशन की आयुक्त डॉ. मनीषा अरोड़ा (आईएएस) ने गणपत कोठारी को मुंबई चैप्टर अध्यक्ष पद के लिए नियुक्ति पत्र प्रदान किया और बताया कि राजस्थान फाउंडेशन के प्रदेश अध्यक्ष एवं राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा द्वारा उन्हें मुंबई चैप्टर अध्यक्ष पद के लिए मनोनीत किया गया है। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने विश्वास व्यक्त किया है कि एक प्रमुख प्रवासी राजस्थानी के रूप में गणपत कोठारी, मुंबई और महाराष्ट्र में प्रवासी राजस्थानी समुदाय, विभिन्न प्रतिष्ठित व्यक्तियों, संगठनों के साथ समन्वय स्थापित कर उन्हें राजस्थान के सामाजिक-आर्थिक विकास में सार्थक भागीदारी हेतु प्रेरित कर सकेंगे। मुख्यमंत्री ने गणपत कोठारी को राजस्थान फाउंडेशन के मुंबई चैप्टर का अध्यक्ष मनोनीत होने पर बधाई भी दी है।

राजस्थान फाउंडेशन की आयुक्त डॉ. मनीषा अरोड़ा (आईएएस) ने एक पत्र में अनुरोध किया है कि नवनियुक्त अध्यक्ष गणपत कोठारी अपने मुंबई चैप्टर की कार्यकारिणी के लिए सचिव, उपाध्यक्ष, संयुक्त सचिव, कोषाध्यक्ष एवं अधिकतम 10 अन्य सदस्यों की प्रारंभिक सूची प्रस्तावित करें, ताकि उसे अनुमोदन हेतु सक्षम प्राधिकारियों को भेजा जा सके। राजस्थान फाउंडेशन के मुंबई चैप्टर के नवनियुक्त अध्यक्ष गणपत कोठारी पिछले चार दशकों से मुंबई, महाराष्ट्र, राजस्थान एवं देश-विदेश में विभिन्न सामाजिक, व्यावसायिक, शैक्षणिक, धार्मिक एवं सांस्कृतिक संगठनों से जुड़कर अपने सामाजिक दायित्वों का निर्वहन कर रहे हैं। गणपत कोठारी न केवल मुंबई में बल्कि महाराष्ट्र और विदेशों में प्रवासी राजस्थानियों के बीच भी समाज के हर वर्ग के एक विश्वसनीय, आदरणीय और सम्मानित जनसेवक के रूप में जाने जाते हैं। 

राजस्थान सरकार द्वारा दिए गए इस प्रतिष्ठित जिम्मेदारी के लिए गणपत कोठारी ने राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा, सभी वरिष्ठजनों, विशेष रूप से राजस्थान फाउंडेशन की आयुक्त डॉ मनीषा अरोड़ा (आईएएस) का विनम्र आभार व्यक्त करते हुए कहा कि आप सभी द्वारा व्यक्त विश्वास पर खरा उतरने का प्रयास करूंगा, साथ ही मुंबई, महाराष्ट्र और विदेशों में प्रवासी राजस्थानी अपनी मातृभूमि (राजस्थान) के समग्र विकास में योगदान देना होगा, जिसके लिए राजस्थान फाउंडेशन एक सेतु और प्रेरणा का काम करेगा। यह अब हमारा प्रयास ही नहीं बल्कि लक्ष्य भी होगा।

Post a Comment

 
Top