0







मुम्बई। झारखंडी एकता संघ, मुम्बई द्वारा बांद्रा पश्चिम मुम्बई स्थित रंगशारदा हॉल में झारखंड दिवस 2022 का भव्य और सफल आयोजन किया गया। इस संस्था के अध्यक्ष असलम अंसारी और फिरोज़ आलम (राष्ट्रीय उपाध्यक्ष) की देखरेख में यह रंगारंग कार्यक्रम आयोजित हुआ।

इस प्रोग्राम में मुख्य अतिथि विनायक राउत (सांसद, शिवसेना) थे जबकि विशिष्ठ अतिथियों में विनोद सिंह, विधायक, बगोदर, अमित यादव, विधायक, बरकट्ठा, चीफ इनकम टैक्स कमिश्नर अजय कुमार, चीफ जेनरल मैनेजर ओएनजीसी मनोज कुमार, झारखंड से जिला परिषद सदस्यों में कुमकुम देवी, रीता देवी, अनूप पांडेय और तैयब शेख का नाम उल्लेखनीय है। यहां अन्य गणमान्य अतिथियों के रूप में ठाकुर मनोज सिंह (अध्यक्ष, भारतीय जनता पार्टी, झारखंड प्रकोष्ठ, महाराष्ट्र), उद्योगपति एवं फ़िल्म निर्माता अजय सिंह, ज़ियाउल हक़ कादरी, मुफ़्ती सईद, त्रिभुवन मंडल, टार्ज़न भाई (अध्यक्ष मधुपुर नगर परिषद) और प्रिंस भाई मौजूद थे।

सभी सम्मानित अतिथियो ने संस्था के अध्यक्ष असलम अंसारी और पूरी टीम का दिल से शुक्रिया अदा किया और झारखंडी एकता संघ के सार्थक कदमों की प्रशंसा की। इंडियन ऑयल से जुड़े संजय सहाय की पत्नी को यहां विशेष रूप से सम्मानित किया गया।

झारखंडी गूगल के नाम से पहचाने जाने वाले झारखंडी एकता संघ, मुम्बई के संस्थापक, अध्यक्ष असलम अंसारी ने बताया कि यहां आए सभी लोगों का बहुत धन्यवाद। यहाँ काफी महिलाएं भी आई, मेरे गांव के कई लोग आए, सबका शुक्रिया। न दहेज देंगे न दहेज लेंगे, आज हम सब यह संकल्प करें तो हमारी बेटियां सुरक्षित रहेंगी। बच्चों को पढ़ाना बहुत जरूरी है। प्रवासी मजदूरों के बेटे भी यूपीएससी पास करें, इसके लिए हम सब कोशिश कर रहे हैं। प्रवासी मजदूरों की भलाई के लिए भी हमारी टीम दिन रात काम कर रही है।

इस झारखंड दिवस 2022 का मुख्य आकर्षण प्रवासी मिलन समारोह, प्रवासी झारखंडी समुदाय की समस्याओं पर चर्चा, बिरसा मुंडा रत्न अवार्ड रहा।

झारखंडी एकता संघ, मुम्बई के सचिव संतोष कुमार ने बताया कि झारखंड दिवस के दौरान रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम भी हुआ, जिसमें झारखंड के कई कलाकारों ने अपनी कला का प्रदर्शन किया।

झारखंडी एकता संघ, मुम्बई के कोषाध्यक्ष ताजुद्दीन अंसारी और सदरुल शेख (महासचिव) की मेहनत भी इस कार्यक्रम में भरपूर रही। सुनील कुमार, असगर खान (प्रवक्ता), विनोद प्रसाद राष्ट्रीय सचिव, रवि प्रसाद, काशिफ उल्लाह,  लतीफ अंसारी, तौफीक अंसारी, प्रकाश कुमार, माथुर प्रसाद, असलम शेख, मुन्ना प्रसाद, राजेन्द्र शर्मा इत्यादि संस्था से सक्रिय रूप से जुड़े हैं।

फिरोज़ आलम (राष्ट्रीय उपाध्यक्ष) ने बताया कि झारखंडी एकता संघ (रजिस्टर्ड मुम्बई) द्वारा 2005 से लगातार झारखंड स्थापना दिवस मुम्बई में मनाया जा रहा है। यह संस्था झारखंड प्रवासी मज़दूरों के जनहित में लगातार कार्य कर रही है। दूसरे राज्यों में प्रवासी मजदूरों को हो रही समस्याओं, झारखंड राज्य के मजदूरों के लगातार हो रहे पलायन पर संस्था काम कर रही है।

Post a Comment

 
Top