पच्चीस लाख परिवार करेंगे सुंदरकांड पाठ
मुम्बई। वनवासी क्षेत्र में कार्यरत एकल श्रीहरि के तत्वावधान में आगामी दशहरे के दिन विश्वस्तरीय सामूहिक सुंदरकांड पाठ का आयोजन डिजिटल प्लेटफार्म पर किया जा रहा है। आयोजन का सीधा प्रसारण सुभारती चैनल पर किया जायेगा। यह जानकारी देते हुए श्रीहरि सत्संग समिति मुंबई के अध्यक्ष विजय जी. केडिया ने बताया कि एकल अभियान का लक्ष्य है कि एकल अभियान से जुड़े देश भर के 25 लाख परिवारों में विजयादशमी के दिन सुन्दरकाण्ड पाठ परिवार के सभी सदस्यों द्वारा साथ में किया जाये। पाठ का समय सुबह 6 बजे से रात 10 बजे तक रखा गया है ताकि सभी अपनी सुविधानुसार समय चुनकर सुंदरकांड का पाठ कर सकें। यह पहला अवसर होगा जब एक दिन में एक संस्था के बैनर तले इतनी बड़ी संख्या में लोग सुंदर कांड का पाठ करेंगे। इस उपलब्धि को गिनीज बुक्स ऑफ़ वर्ल्ड रिकार्ड्स में दर्ज कराने के लिए संबंधित प्राधिकार से संपर्क किया गया है।
इस विश्वस्तरीय सुंदरकांड पाठ का आयोजन हिंदी भाषी क्षेत्रों के साथ ही अहिन्दी भाषी क्षेत्रों में अलग-अलग स्थानीय भाषाओं भी किया जाएगा। दक्षिण भारत के विभिन्न स्थानों से स्थानीय भाषाओँ में कार्यक्रमों का लाइव प्रसारण भी किया जायेगा। पूर्वोत्तर तथा बंगाल के कुछ क्षेत्रों में जहाँ सुंदरकांड नहीं पढ़ी जाती, ऐसे स्थानों पर एक घंटे का 'हरे राम हरे कृष्ण' संकीर्तन के आयोजन होंगे। इसी दिन राँची में संगठन के कथाकारों द्वारा सुंदरकांड का लाइव सामूहिक पाठ किया जायेगा। विदेशो से जुड़नेवाले सदस्यों के समय क्षेत्र को ध्यान में रखते हुए इस पाठ के सीधे प्रसारण का समय सायं 4 बजे से 7.30 बजे का होगा जिसमें 4 से 5 बजे तक देश/विदेश के विभिन्न क्षेत्रों में हो रहे पाठ की झलकियाँ दिखायी जायेंगी और सायं 5 बजे से सुंदरकांड पाठ शुरू होगा। कार्यक्रम के प्रारंभ में तथा समापन पर एकल अभियान के विभिन्न कार्यों पर लघुफिल्म भी दिखाई जाएगी। इसका पूरा प्रसारण सुभारती चैनल पर होगा। इस आयोजन से जुड़ने के लिए गूगल लिंक https://forms.gle/TdEEU7sTqbcUsYzy6 संपर्क का प्रयोग किया जा सकता है।
Post a Comment
Click to see the code!
To insert emoticon you must added at least one space before the code.