0

  राष्ट्रीय साहित्यिक, सामाजिक व सांस्कृतिक संस्था काव्यसृजन की वार्षिक बैठक पं. शिवप्रकाश जौनपुरी की अध्यक्षता में महासचिव लालबहादुर यादव 'कमल' के आवास साकीनाका में सम्पन्न हुई।
   इस बैठक में आगामी वार्षिक आयोजन होली मिलन व सम्मान समारोह के विषय में विस्तारपूर्वक चर्चा हुई।
 चर्चा में भाग लेने वाले महासचिव लालबहादुर यादव 'कमल', कार्याध्यक्ष प्रा. अंजनी कुमार द्विवेदी, उपाध्यक्ष श्रीधर मिश्र, कोषाध्यक्ष बीरेन्द्र यादव, उप सचिव महेश गुप्त जौनपुरी विशेष रूप से उपस्थित रहे।
  काव्य सृजन का मासिक आयोजन जो महीने के पहले रविवार को आयोजित होता है उसे इस बार सर्वसम्मति से निरस्त कर दिया गया है। यह आयोजन इस बार संयुक्त रूप से होली मिलन वार्षिक आयोजन के साथ 15 मार्च 2020 दिन रविवार को आयोजित किया जाना तय हुआ है।
 इस आयोजन में समाज के विभिन्न तबको के लोगों का सम्मान किया जाना तय हुआ है। जो निम्नवत है- विशिष्ट 'काव्यसृजन रत्नाकर सम्मान' मुम्बई महानगर के वरिष्ठ एवम विद्वान साहित्यकार हौंसिला प्रसाद अन्वेषी को प्रदान किया जाना तय हुआ है।
  इसी तरह वरिष्ठता के क्रम में श्रीनाथ शर्मा को 'साहित्य रत्न' से, युवा साहित्यकार अल्हड़ असरदार को 'युवा साहित्य रत्न', महिला साहित्यकार सुमन तिवारी को 'महिला साहित्य रत्न', बाल साहित्य के लिए कु. कृष्णा तिवारी को बाल साहित्य रत्न, साहित्य सेवी सम्मान स्व. मूलचंद निहलानी को मरणोपरांत 'साहित्य सेवी सम्मान', सामाजिक कार्यकर्ता अखिल रामायण प्रचार समिति के संस्थापक, अध्यक्ष व राघवेन्द्र भूमि साप्ताहिक अखबार के प्रधान सम्पादक पं. सुरेन्द्र मिश्र को 'समाज रत्न' से, भारतीय सेना में सेवा देने वाले साहित्यकार अरुण प्रकाश अनुरागी को 'अमर ज्योति सम्मान', फिल्मों में गीत कहानी स्क्रिप्ट लिखने वाली कु. नीतू पाण्डेय क्रांती को 'लालित्य श्री सम्मान', राजनीति से कल्याण जिला भाजपा उत्तर भारतीय मोर्चा के कोषाध्यक्ष धीरज पाण्डेय को भारत भारती सम्मान,
पत्रकारिता जगत से गायित्री साहू को साहित्य श्री सम्मान और योगिराज श्री कृष्ण विद्यालय साकीनाका में पूरनमल यादव को 'सेवाभावी सम्मान' से विभूषित करना तय हुआ है।
   उपरोक्त आयोजन तीन सत्र में आयोजित होना तय किया गया है। प्रथम सत्र में सरस्वती पूजा व फागुनी काव्यसंध्या आयोजित की जायेगी, जिसकी अध्यक्षता कानपुर से पधारे प्रसिद्ध साहित्यकार व समालोचक श्रीहरि वाणी करेंगे और संचालन संस्था के कार्याध्यक्ष प्रा.अंजनी कुमार द्विवेदी करेंगे। जिसमें मुम्बई महानगर व आस पास के तमाम कवि कवयित्री अपने स्वरचित होली गीत-कविता प्रस्तुत कर लोगों को आनंदित करेंगे।
  द्वितीय सत्र का आयोजन सम्मान समारोह के लिए तय किया गया है, जिसमें समाज के विभिन्न क्षेत्रों में अपने उत्कृष्ट योगदान देने वाली विभूतियों को संस्था अपने विभिन्न भूषणों से विभूषित करेगी जिसका संचालन पं. शिवप्रकाश जौनपुरी करेंगे।
   तीसरा सत्र में होली मिलन - अल्पाहार व आभार ज्ञापित किया जायेगा। यह आयोजन विशुद्ध रूप से साहित्यिक होगा। योगिराज श्रीकृष्ण विद्यालय, साकीनाका, सफेदपुल के प्रांगण में आयोजित होने वाले इस रंगारंग आयोजन में सभी सादर आमंत्रित है और भारी से भारी संख्या में पधारकर संस्था का गौरव बढा़ते हुए आयोजन को सफल बनाने में काव्यसृजन का सहयोग कर सकते हैं।

Post a Comment

 
Top