0
2026 एम3एम हुरुन इंडिया रिच लिस्टमें युवाओं और महिलाओं की भागीदारी बढ़ी

मुंबई। एम3एम इंडिया और हुरुन इंडिया ने 'M3M हुरुन इंडिया रिच लिस्ट 2026' का 15वां संस्करण जारी किया है। इस सूची में भारत में जन्मे या पले-बढ़े उन लोगों को शामिल किया गया है, जिनकी कुल संपत्ति 1,000 करोड़ रुपये या उससे ज़्यादा है, चाहे वे अभी दुनिया में कहीं भी रहते हों या उनके पास किसी भी देश की नागरिकता (पासपोर्ट) हो। संपत्ति की गिनती 24 अगस्त 2026 के हिसाब से की गई है, जब 1 अमेरिकी डॉलर की कीमत 95.63 भारतीय रुपये थी।
एम3एम हुरुन इंडिया रिच लिस्ट 2026 में 163 शहरों (जिनमें से 106 भारत में हैं) के 1,810 व्यक्तियों को जगह मिली है, जो पिछले साल की तुलना में 128 अधिक है। उनकी कुल संपत्ति 12.8% बढ़कर 187.5 लाख करोड़ रुपये (1.96 ट्रिलियन अमेरिकी डॉलर) हो गई है, जबकि इसी अवधि के दौरान निफ्टी 50 में 3.9% और सेंसेक्स में 5.8% की गिरावट दर्ज की गई। भारत में अब रिकॉर्ड 391 डॉलर अरबपति हैं, जो पिछले साल से 27 अधिक हैं। गौतम अदाणी (64) और उनका परिवार 9.23 लाख करोड़ रुपये की संपत्ति के साथ फिर से पहले स्थान पर आ गया है। मुकेश अंबानी (69) और उनका परिवार 8.63 लाख करोड़ रुपये के साथ दूसरे स्थान पर हैं, जबकि एलएन मित्तल (76) और उनका परिवार आठ पायदान चढ़कर 3.39 लाख करोड़ रुपये के साथ तीसरे स्थान पर पहुंच गया है।
डॉ.पायल बंसल कनोडिया, प्रमोटर, एम3एम इंडिया एवं चेयरपर्सन व ट्रस्टी, एम3एम फाउंडेशन ने कहा,“एम3एम हुरुन इंडिया रिच लिस्ट एक बड़ा और अहम सालाना जरिया बन गई है, जो यह बताती है कि भारत में दौलत कैसे बन रही है, जुड़ रही है और नए रूपों में सामने आ रही है। एम3एम के लिए हुरुन के साथ हमारी साझेदारी सिर्फ सूची में नाम जोड़ने भर के लिए नहीं है, यह भारत के विकास के अगले दौर को दिशा देने वाली आर्थिक ताकतों और बिजनेसमैन के सफर को गहराई से समझने की कोशिशों में मदद करने के लिए है। 2026 एम3एम हुरुन इंडिया रिच लिस्ट भारत में दौलत बनने की कहानी की गहराई और उसकी तेज रफ्तार को दिखाती है। 1,810 लोगों में से 70% लोगों ने अपनी मेहनत से यह मुकाम हासिल किया है और 347 नए चेहरे इनमें शामिल हुए हैं। इससे साफ पता चलता है कि भारत का बिजनेस का माहौल लगातार बढ़ रहा है और अलग-अलग दिशाओं में फैल रहा है, जिसमें युवाओं और महिलाओं की भागीदारी भी बढ़ रही है। एक प्रमोटर के रूप में, मैं इस रिच लिस्ट को सिर्फ धन-दौलत के आंकड़े से बढ़कर मानती हूँ; यह उन क्षेत्रों, शहरों और कारोबारी यात्राओं की झलक देती है जो भारत के आर्थिक भविष्य को गढ़ रहे हैं। मैं इस साल पहली बार शामिल हुए लोगों और इसमें जगह बनाने वाले सभी बिजनेसमैन को बधाई देती हूँ। एम3एम के लिए, हुरुन के साथ हमारी साझेदारी इन बदलावों को सामने लाने और यह समझने की हमारी साझी सोच को दिखाती है कि भारतीय उद्योग किस तरफ आगे बढ़ रहे हैं।”
अनस रहमान जुनैद, संस्थापक-मुख्य शोधकर्ता, हुरुन इंडिया ने कहा, “एम3एम हुरुन इंडिया रिच लिस्ट 2026 एक ऐसे साल को दिखाती है, जब लोगों की कमाई और संपत्ति बढ़ने की रफ्तार शेयर बाजार से भी तेज रही। निफ्टी 50 में 3.9% और सेंसेक्स में 5.8% की गिरावट के बाद भी, कुल संपत्ति 12.8% बढ़कर 187.5 लाख करोड़ रुपये पर पहुँच गई। डिफेंस, मैन्युफैक्चरिंग, ग्रीन एनर्जी और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस जैसे क्षेत्र अब भारत में कमाई के नए जरिये बन रहे हैं और नए लोगों को अमीर बना रहे हैं। भारत में अब रिकॉर्ड 391 डॉलर अरबपति (1 अरब डॉलर से ज्यादा संपत्ति वाले) हैं, जिनमें 76 नए लोग जुड़े हैं। अगर 2014 की डॉलर दर के हिसाब से देखें, तो इसी संपत्ति के साथ आज हमारे पास 559 डॉलर अरबपति होते। एआई ने पहली बार एक अलग सेक्टर के रूप में जगह बनाई है, जिसमें 19 लोग शामिल हैं और उनकी कुल संपत्ति 3.07 लाख करोड़ रुपये है। इनमें 15 लोग पहली बार इस लिस्ट में आए हैं। अगर आप भारत में लोगों के अमीर बनने की कहानी को समझना चाहते हैं, तो एम3एम हुरुन इंडिया रिच लिस्ट को पढ़ना एक बेहतरीन शुरुआत है।”

Post a Comment

 
Top