शिव व्यापार व रोजगार सेना के विशेष महिला मार्गदर्शन शिविर में रोजगार के अनेक नए अवसरों की घोषणा
संवाददाता | मुंबई
क्या मुंबई की महिलाओं के लिए आत्मनिर्भरता का एक नया युग शुरू होने जा रहा है? क्या अब महिलाएं केवल नौकरी तलाशने वाली नहीं, बल्कि रोजगार देने वाली उद्यमी बनेंगी? ऐसे ही अनेक सकारात्मक संदेशों के साथ शनिवार को गोरेगांव (पश्चिम) स्थित अण्णाभाऊ साठे मैदान हॉल में शिवसेना प्रवक्ता श्री संजय निरूपम के मार्गदर्शन में शिव व्यापार व रोजगार सेना द्वारा एक भव्य महिला बचत समूह मार्गदर्शन एवं सहायता शिविर का आयोजन किया गया।
इस प्रेरणादायी कार्यक्रम में मुंबई के गोरेगांव, आरे कॉलोनी, दिंडोशी, अंधेरी, वर्सोवा, परेल, दादर, कांदिवली सहित विभिन्न क्षेत्रों से सैकड़ों महिलाओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता दर्ज कराई। कार्यक्रम का नेतृत्व शिव व्यापार व रोजगार सेना के अध्यक्ष एवं वरिष्ठ पत्रकार श्री शैलेश जायसवाल ने किया।
कार्यक्रम के दौरान स्वदेशी आर मार्ट के मुख्य संचालक श्री राधेश्याम शर्मा ने महिलाओं को स्वरोजगार से जोड़ने की दिशा में महत्वपूर्ण जानकारी देते हुए आश्वासन दिया कि संस्था के माध्यम से महिला बचत समूहों के उत्पादों को व्यापक बाजार उपलब्ध कराया जाएगा तथा इच्छुक महिलाओं को व्यवसाय और रोजगार से जोड़ने में हरसंभव सहयोग किया जाएगा।
अपने संबोधन में श्री शैलेश जायसवाल ने कहा कि शिव व्यापार व रोजगार सेना द्वारा मुंबई में व्यापक सदस्यता अभियान चलाया जा रहा है तथा शहरभर में सक्रिय पदाधिकारियों की नियुक्ति की जा रही है। उन्होंने कहा कि संस्था का लक्ष्य प्रत्येक महिला बचत समूह तथा योग्य युवाओं को रोजगार और स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध कराना है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि आने वाले समय में यह अभियान हजारों परिवारों की आर्थिक स्थिति बदलने का माध्यम बनेगा।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए शिवसेना प्रवक्ता श्री संजय निरूपम ने कहा कि महिलाओं को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने के लिए शिवसेना ने एक नई पहल शुरू की है। उन्होंने बताया कि 'लाडकी बहिण स्वयंरोजगार सहायता अभियान' के अंतर्गत प्रशिक्षण परीक्षा में सफल होने वाले महिला एवं पुरुष लाभार्थियों को निःशुल्क फूड कार्ट वाहन तथा इलेक्ट्रिक बाइक उपलब्ध कराने की योजना पर कार्य किया जा रहा है। इसके साथ ही व्यवसाय संचालन, विपणन और प्रबंधन का व्यावहारिक प्रशिक्षण भी उपलब्ध कराया जाएगा।
कार्यक्रम का एक प्रमुख आकर्षण 'दादा कैब ऐप' की प्रस्तुति रही। शिवसेना शाखाप्रमुख श्री बालकृष्ण जोशी ने बताया कि यह स्वदेशी ट्रैवल प्लेटफॉर्म रैपिडो, ओला और उबर की तर्ज पर विकसित किया गया है। इसकी सबसे विशेष बात यह होगी कि महिला यात्रियों के लिए महिला बाइक राइडर की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी, जिससे महिलाओं को सुरक्षित और सम्मानजनक रोजगार का नया अवसर मिलेगा। उन्होंने बताया कि आगामी पंद्रह दिनों के भीतर इस सेवा को प्रारंभ करने की तैयारी अंतिम चरण में है।
इसके साथ ही फूड कार्ट रोजगार अभियान के अंतर्गत इच्छुक युवाओं एवं महिलाओं से तेजी से आवेदन प्राप्त हो रहे हैं। योजना के माध्यम से प्रतिष्ठित फूड ब्रांड्स की फ्रेंचाइज़ी, प्रशिक्षण तथा व्यवसायिक मार्गदर्शन उपलब्ध कराने की दिशा में कार्य किया जा रहा है, जिससे मुंबई में स्वरोजगार की नई संभावनाएं विकसित होंगी।
इस अवसर पर मुंबई बैंक की संचालक जयश्री पांचाळ ताई, शिव व्यापार व रोजगार सेना की महिला सचिव सौ. सोनाली फाटक, शाखाप्रमुख श्री बालकृष्ण जोशी, जोगेश्वरी महिला अध्यक्षा सौ. लता नुसरत सय्यद, महिला शाखा संघटिका सौ. क्षमा काळसेकर, श्री परेश सोनी तथा फिल्म निर्माता श्री संजीव राजपूत सहित अनेक सामाजिक एवं राजनीतिक क्षेत्र के गणमान्य व्यक्तियों की गरिमामयी उपस्थिति रही।
कार्यक्रम का समापन इस संकल्प के साथ हुआ कि "रोजगार केवल एक अवसर नहीं, बल्कि आत्मसम्मान और आत्मनिर्भर भारत की सबसे मजबूत नींव है।" शिव व्यापार व रोजगार सेना ने विश्वास व्यक्त किया कि आने वाले दिनों में यह अभियान मुंबई के हजारों परिवारों के जीवन में आर्थिक समृद्धि और नए अवसरों का मार्ग प्रशस्त करेगा।

Post a Comment