0
मुंबई। दिंडोशी विधानसभा के मालाड पूर्व स्थित मुंबई पब्लिक स्कूल में द्वारिकामाई चैरिटी संस्था की ओर से हर वर्ष की तरह इस वर्ष भी रक्षाबंधन के अवसर पर रक्षा शक्ति सम्मान समारोह का भव्य आयोजन किया गया। समारोह में बड़ी संख्या में महिलाओं ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया।

कार्यक्रम में प्रमुख अतिथि के रूप में सिद्धिविनायक मंदिर ट्रस्ट के कोषाध्यक्ष आचार्य पवन त्रिपाठी विशेष रूप से उपस्थित रहे। इस अवसर पर संस्था के राष्ट्रीय अध्यक्ष गौरीशंकर चौबे को करीब 3,100 बहनों ने राखी बांधकर रक्षाबंधन पर्व मनाया।

इस दौरान गौरीशंकर चौबे ने कहा कि रक्षाबंधन केवल राखी बांधने का पर्व नहीं, बल्कि बहनों के साथ दिल से जुड़ने, उनके सम्मान और सुरक्षा का संकल्प लेने का पावन अवसर है। उन्होंने कहा कि बहनों का स्नेह, विश्वास और आशीर्वाद समाजसेवा के लिए सबसे बड़ी प्रेरणा है। हर वर्ष की तरह इस वर्ष भी बहनों के साथ रक्षाबंधन मनाकर बेहद खुशी और अपनापन महसूस हो रहा है।

राखी बंधवाने के बाद गौरीशंकर चौबे ने सभी बहनों की रक्षा, सम्मान और हर संभव सहयोग का संकल्प लेते हुए उन्हें रक्षा का वचन दिया।

समारोह के दौरान भजन का भी आयोजन किया गया। मधुर भजनों ने पूरे माहौल को भक्तिमय बना दिया और भजनों की धुन पर महिलाएं जमकर झूमीं। भजन संध्या टीम की शानदार प्रस्तुति ने उपस्थित सभी लोगों का मन मोह लिया।

द्वारिकामाई चैरिटी संस्था लगातार बुजुर्गों, बच्चों और जरूरतमंदों की सेवा में सक्रिय रूप से कार्य कर रही है। संस्था का उद्देश्य समाज के जरूरतमंद वर्ग तक सेवा, सहयोग और सम्मान पहुंचाना है।

कार्यक्रम को सफल बनाने में संस्था की मुंबई महिला अध्यक्षा अनिता पांडेय की महत्वपूर्ण भूमिका रही। उनके नेतृत्व में कार्यक्रम का सफल एवं व्यवस्थित आयोजन संपन्न हुआ।

Post a Comment

 
Top