नई दिल्ली। रामायण रिसर्च काउंसिल के तत्वावधान में तुलसीदास की जयंती पर आयोजित होने वाले प्रतिष्ठित 'रामायणी सम्मान-2026' के लिए देशभर की 28 विभूतियों के नामों की घोषणा की गई है। इस सम्मानित सूची में महाराष्ट्र के प्रसिद्ध भजन गायक प्रेम प्रकाश दुबे और भजन सम्राट अनूप जलोटा का नाम भी शामिल है।
सम्मान समारोह आगामी 19 अगस्त 2026 को बनारस हिंदू विश्वविद्यालय स्थित मालवीय मूल्य अनुशीलन केंद्र में भारतीय अध्ययन केंद्र के सहयोग से आयोजित किया जाएगा।
रामायणी सम्मान के लिए चयनित होने पर प्रेम प्रकाश दुबे ने अपनी खुशी व्यक्त करते हुए कहा, "मैं रामायण रिसर्च काउंसिल और बोर्ड ऑफ ट्रस्टी के अध्यक्ष सांसद अजय भट्ट का हृदय से आभार व्यक्त करता हूं। मुझे इस प्रतिष्ठित सम्मान के लिए चुना गया, यह मेरे लिए सौभाग्य की बात है। मैं खुद को धन्य महसूस कर रहा हूं। रामकथा और भजन के माध्यम से समाज को जोड़ने का जो छोटा सा प्रयास मैंने किया है, उसे इस सम्मान ने और बड़ी प्रेरणा दी है।"
प्रेम प्रकाश दुबे पेशे से गायक हैं और यूट्यूब पर उनके कई भजन और रामायण आधारित गीत लाखों लोगों द्वारा सुने जाते हैं। उनका मानना है कि संगीत के माध्यम से नई पीढ़ी को रामायण के आदर्शों और भारतीय संस्कृति से जोड़ा जा सकता है।
काउंसिल के अध्यक्ष सांसद अजय भट्ट ने बताया कि इस सम्मान का उद्देश्य भारतीय संस्कृति, अध्यात्म, साहित्य, शोध, रामकथा, संगीत एवं सामाजिक जागरण के क्षेत्र में रामायण आधारित उत्कृष्ट योगदान करने वाले व्यक्तित्वों को सम्मानित करना है। साथ ही नई पीढ़ी को रामायण साहित्य से जोड़ना भी इस पहल का मुख्य उद्देश्य है।
इस वर्ष सम्मानित होने वाले अन्य विभूतियों में भजन-सम्राट अनूप जलोटा, गायिका अनुराधा पौडवाल, डॉ. अर्चना प्रकाश, डॉ. उदय प्रताप सिंह, आर.के. सिन्हा, राज राधेकृष्ण शर्मा, डॉ. आशा ओझा सहित देशभर के 28 विद्वान, साहित्यकार, कलाकार और समाजसेवी शामिल हैं।
प्रेम प्रकाश दुबे ने अंत में कहा कि यह सम्मान मेरी जिम्मेदारी भी बढ़ाता है। आगे भी मैं राम और रामायण के संदेश को अपने गीतों के माध्यम से घर-घर तक पहुंचाने का प्रयास करूंगा।
Post a Comment