जौनपुर। 73 जौनपुर लोकसभा क्षेत्र के पूर्व भाजपा प्रत्याशी एवं पूर्व गृह राज्यमंत्री कृपाशंकर सिंह ने नई दिल्ली स्थित केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव के रेल मंत्रालय में मुलाकात कर जौनपुर सिटी रेलवे स्टेशन पर ट्रेन संख्या 13239 पटना–कोटा एक्सप्रेस के ठहराव की स्वीकृति मिलने के बाद उनका अंगवस्त्र भेंटकर आभार व्यक्त किया। इसके बाद कृपाशंकर सिंह ने रेल मंत्री के समक्ष जौनपुर में एक वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन के ठहराव की मांग प्रमुखता से उठाई। इस पर रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने सकारात्मक रुख अपनाते हुए सैद्धांतिक सहमति प्रदान की। उन्होंने कहा कि इस प्रस्ताव की तकनीकी एवं परिचालन संबंधी जांच कराई जाएगी और आवश्यक प्रक्रिया पूरी होने के बाद जल्द ही इसे शुरू किया जाएगा। कृपाशंकर सिंह ने जौनपुर में निर्माणाधीन रेलवे ओवरब्रिज के कार्यों की समीक्षा एवं निरीक्षण कराने की भी मांग रखी, ताकि परियोजनाओं को समयबद्ध तरीके से पूरा कर जनता को जल्द सुविधा मिल सके। रेल मंत्री आश्वासन दिया कि जल्द ही जौनपुर विजिट करूंगा।
इसके अलावा उन्होंने जौनपुर सिटी रेलवे स्टेशन पर यात्रियों की सुविधा बढ़ाने के उद्देश्य से पूरे प्लेटफॉर्म के दोनों ओर तीन नए शेड (आश्रय स्थल) के निर्माण, स्टेशन के सौंदर्यीकरण, फुटओवर ब्रिज एवं अन्य आवश्यक यात्री सुविधाओं के विकास की मांग भी रखी। रेल मंत्री ने इन प्रस्तावों को स्वीकृति देते हुए संबंधित अधिकारियों को शीघ्र कार्य प्रारंभ करने के निर्देश दिए।
कृपाशंकर सिंह ने कहा कि जौनपुर के रेल बुनियादी ढांचे का विकास उनकी प्राथमिकता है। उन्होंने विश्वास जताया कि रेल मंत्री के सकारात्मक सहयोग से जनपद को आधुनिक रेल सुविधाएं प्राप्त होंगी, जिससे यात्रियों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी और क्षेत्र के विकास को भी नई गति मिलेगी।
इस अवसर पर उन्होंने रेल मंत्री का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि केंद्र सरकार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में रेलवे के आधुनिकीकरण और यात्री सुविधाओं के विस्तार के लिए लगातार कार्य कर रही है, जिसका लाभ जौनपुर सहित पूरे पूर्वांचल को मिल रहा है।
Post a Comment