दिव्यांगो को बांटे गए उपहार
मुंबई, 16 जून 2026 : समाजसेवा, रोजगार मार्गदर्शन और दिव्यांगजन सशक्तिकरण को समर्पित संस्था *मिशन पत्रकारिता* द्वारा जोगेश्वरी पश्चिम स्थित मीना कुमारी हॉल में आयोजित "सक्षम भविष्य अभियान" कार्यक्रम अत्यंत उत्साहपूर्ण एवं भावनात्मक वातावरण में संपन्न हुआ। कार्यक्रम में दिव्यांग बच्चों के लिए रोजगार मार्गदर्शन, सांस्कृतिक प्रस्तुति, उपहार वितरण तथा सामाजिक जागरूकता के विविध उपक्रम आयोजित किए गए।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि के रूप में भारत के वरिष्ठ पत्रकार, प्रखर वक्ता एवं पूर्व सांसद आदरणीय श्री संजय निरूपम उपस्थित रहे। वहीं विशिष्ट अतिथि के रूप में महाराष्ट्र के रोजगार गारंटी मंत्री मा. भरतशेठ गोगावले की सुपुत्री, शिव व्यापार व रोजगार सेना महिला आघाड़ी की अध्यक्षा तथा संजीवनी सामाजिक चैरिटेबल ट्रस्ट की अध्यक्षा सौ. शीतल गोगावले कदम उपस्थित थीं।
इस अवसर पर शीतलताई गोगावले कदम का जन्मदिन दिव्यांग बच्चों के बीच अत्यंत सादगी, प्रेम और आत्मीयता के साथ मनाया गया। मिशन पत्रकारिता की ओर से शीतलताई ने दिव्यांग बच्चों को उपहार भेंट किए गए तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई। कार्यक्रम का यह भावनात्मक क्षण उपस्थित सभी लोगों के लिए अविस्मरणीय बन गया।
अपने संबोधन में श्री संजय निरूपम ने समाज के वंचित, दिव्यांग और संघर्षशील वर्गों को मुख्यधारा से जोड़ने वाले ऐसे सामाजिक उपक्रमों की सराहना की। उन्होंने कहा कि समाज में सकारात्मक परिवर्तन तभी संभव है जब संवेदनशील नागरिक और सामाजिक संस्थाएँ मिलकर कमजोर वर्गों के जीवन में आशा का प्रकाश पहुंचाएं। उन्होंने मिशन पत्रकारिता द्वारा रोजगार, सामाजिक जागरूकता और जनसेवा के क्षेत्र में किए जा रहे प्रयासों की प्रशंसा की।
कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए *मिशन पत्रकारिता के अध्यक्ष श्री शैलेश जायसवाल* ने कहा कि संस्था का उद्देश्य केवल मार्गदर्शन देना नहीं, बल्कि लोगों को रोजगार, स्वरोजगार और सरकारी योजनाओं से जोड़ना है। उन्होंने उपस्थित युवाओं एवं दिव्यांग नागरिकों को आश्वस्त किया कि संस्था उन्हें महाराष्ट्र शासन की रोजगार गारंटी एवं अन्य कल्याणकारी योजनाओं से जोड़ने के लिए निरंतर प्रयासरत रहेगी।
कार्यक्रम की शुरुआत दिव्यांग कलाकारों द्वारा प्रस्तुत गीत-संगीत एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम से हुई, जिसने उपस्थित लोगों को भावुक कर दिया। इसके पश्चात स्वरोजगार एवं उद्यमिता विषय पर मार्गदर्शन सत्र आयोजित किया गया, जिसमें आत्मनिर्भरता और छोटे व्यवसायों के अवसरों पर विस्तृत चर्चा हुई।
पूरे कार्यक्रम का प्रभावशाली एवं भावनात्मक संचालन श्रीमती गीता जायसवाल ने किया। उनकी ओजस्वी प्रस्तुति और संवेदनशील शब्दों ने कार्यक्रम को विशेष गरिमा प्रदान की।
कार्यक्रम को सफल बनाने में शिवसेना के उपविभाग प्रमुख श्री इनायत शेख, श्री कुमार कोट्टीपरंबिल तथा समाजसेवी श्री मयंक शेखर का विशेष योगदान रहा।
इसके अलावा कार्यक्रम की व्यवस्थाओं को सफल बनाने हेतु मुंबई उपनगर सचिव श्रीमती अनीता पांडेय, पत्रकार श्री राजेंद्र शर्मा, पत्रकार श्री अजय मोहाली, पत्रकार श्रीमती कंचन भोलानाथ यादव, शिवसेना कार्यकर्ता श्री प्रकाश (बंड्या) शिंदे, शिव व्यापार व रोजगार सेना की सचिव सोनाली फाटक, श्री महेश जाधव, ग्राहक संरक्षक कक्ष के श्री सुनील पवार सहित अनेक स्वयंसेवकों एवं पदाधिकारियों ने अथक परिश्रम किया।
कार्यक्रम के समापन पर मिशन पत्रकारिता की ओर से सभी अतिथियों, सहयोगियों और उपस्थित नागरिकों का आभार व्यक्त करते हुए समाजहित, रोजगार सृजन और दिव्यांग सशक्तिकरण के लिए भविष्य में भी ऐसे जनकल्याणकारी कार्यक्रम आयोजित करने का संकल्प लिया गया।
Post a Comment