गर्मी से मिलेगी बड़ी राहत
मुंबई | अनिता पांडेय | मिशन पत्रकारिता
मुंबईवासियों के लिए राहत भरी खबर है। भीषण गर्मी और उमस से परेशान लोगों को अब मौसम का सुहाना तोहफा मिलने वाला है। मौसम विभाग के अनुसार मुंबई और आसपास के क्षेत्रों में अगले 10 दिनों तक रुक-रुक कर बारिश, गरज-चमक के साथ बौछारें और बादलों की आवाजाही बनी रह सकती है।
प्री-मानसून गतिविधियां तेज होने के कारण शहर का मौसम पूरी तरह बदलता नजर आ रहा है। कई इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई है, जिससे तापमान में गिरावट आई है और लोगों को गर्मी से राहत मिली है।
मौसम विशेषज्ञों का मानना है कि अरब सागर से आने वाली नमी और मानसून की तेज रफ्तार के चलते आने वाले दिनों में बारिश का असर और बढ़ सकता है। हालांकि फिलहाल भारी बारिश की संभावना कम है, लेकिन बादलों की मौजूदगी और हल्की बौछारें लगातार बनी रह सकती हैं।
मुंबईकरों को सलाह दी गई है कि घर से निकलते समय छाता या रेनकोट साथ रखें, क्योंकि मौसम कभी भी करवट ले सकता है।
अब इंतजार है उस पल का, जब मानसून पूरी तरह मुंबई में दस्तक देगा और शहर बारिश की फुहारों से सराबोर हो जाएगा।
Post a Comment