0
मुंबई। सैमसंग इलेक्ट्रॉनिक्स के नोएडा स्थित रिसर्च एंड डेवलपमेंट सेंटर (एसआरआई-नोएडा) ने इस साल लॉन्च हुई कंपनी की फ्लैगशिप स्मार्टफोन सीरीज सैमसंग गैलेक्सी एस26 सीरीज के लिए कई एआई फीचर्स विकसित करने में महत्वपूर्ण योगदान दिया है।

एसआरआई-नोएडा के मैनेजिंग डायरेक्टर क्‍योंगयुन रू ने कहा, "हमने करीब तीन साल पहले एआई पर काम शुरू किया था। गैलेक्सी एस26 के लिए हमने दक्षिण कोरिया के सुवॉन आरएंडडी ऑफिस के साथ मिलकर नाउ नज़ और नाउ ब्रीफ फीचर्स विकसित किए।"

नाउ नज़ यूजर्स को उनकी जरूरत के अनुसार पहले से उपयोगी और संदर्भ आधारित सुझाव देता है, जबकि नाउ ब्रीफ महत्वपूर्ण इवेंट्स और कामों के लिए समय पर रिमाइंडर दिखाता है। एसआरआई-नोएडा के इंजीनियरों ने गैलेक्सी एस26 सीरीज के लिए क्रिएटिव स्‍टुडियो, कॉल स्‍क्रीनिंग और डायरेक्‍ट वॉयसमेल जैसे एआई फीचर्स के विकास में भी योगदान दिया है।

क्रिएटिव स्‍टुडियो फीचर की मदद से यूजर्स इमेज बना सकते हैं, फोटो एडिट कर सकते हैं, स्टिकर डिजाइन कर सकते हैं और वॉलपेपर तैयार कर सकते हैं। वहीं कॉल स्‍क्रीनिंग एक पर्सनल असिस्टेंट की तरह काम करता है, जहां एआई कॉल्स का जवाब दे सकता है, उन्हें ट्रांसक्राइब कर सकता है और जरूरी कॉल्स को फिल्टर कर सकता है।

रू ने बताया, "डायरेक्‍ट वॉयसमेल फीचर भारतीय ग्राहकों के फीडबैक के आधार पर विकसित किया गया था। इसे पहले गैलेक्सी ए सीरीज के लिए तैयार किया गया था और इस साल इसे पहली बार फ्लैगशिप गैलेक्सी एस26 सीरीज में भी शामिल किया गया है।"

साल 2007 में स्थापित एसआरआई-नोएडा का मुख्य फोकस स्मार्टफोन, टैबलेट और वियरेबल्स से जुड़े एआई, तकनीकी विकास और सर्विस डेवलपमेंट पर है। रू ने कहा कि भारतीय उपभोक्ताओं की राय और फीडबैक नए फीचर्स के विकास में अहम भूमिका निभाते हैं। इसका उदाहरण प्राइवेसी डिस्‍प्‍ले फीचर है, जिसे सैमसंग गैलेक्सी एस26 अल्‍ट्रा में पहली बार पेश किया गया और जिसे यूजर्स से काफी अच्छा रिस्पॉन्स मिला।

उन्होंने कहा, "भारत में लोगों को बहुत सारे ओटीपी मैसेज आते हैं। पारंपरिक प्राइवेसी फिल्म स्क्रीन पर सब कुछ ब्लॉक कर देती थी, लेकिन हमारा नया प्राइवेसी डिस्‍प्‍ले केवल नोटिफिकेशन एरिया को एक्टिव रखता है। इससे भारतीय यूजर्स को काफी सुविधा मिलती है। मैं खुद भारत में रहता हूं और मेरे पास भी कई ओटीपी आते हैं, जिन्हें यह फीचर बेहतर तरीके से मैनेज करता है।"

एसआरआई-नोएडा अपने कर्मचारियों की लर्निंग और डेवलपमेंट पर भी विशेष ध्यान देता है। संस्थान ने देश के प्रमुख आईआईटी के साथ साझेदारी की है, जिसके तहत इंजीनियरों को मशीन लर्निंग और एआई की ट्रेनिंग दी जाती है।

रू ने आगे कहा, "हमारे पास दक्षिण कोरिया के साथ इंजीनियर एक्सचेंज प्रोग्राम भी है। इसके तहत हमारे कुछ इंजीनियर वहां जाते हैं और वहां के इंजीनियर यहां आते हैं। हम एक ग्लोबल टीम की तरह मिलकर काम करते हैं।"
Next
This is the most recent post.
Previous
Older Post

Post a Comment

 
Top