0
मुंबई। बहुमुखी प्रतिभा की धनी अभिनेत्री अनन्या दत्ता इन दिनों अपनी आगामी हिंदी फिल्म “ज़िंदगी फिर भी खूबसूरत है” को लेकर सुर्खियों में हैं, जिसकी शूटिंग शांतिकेतन फिल्म्स के बैनर तले जारी है। यह फिल्म उनके करियर का एक अहम पड़ाव मानी जा रही है, क्योंकि वह इन दिनों हिंदी फिल्मों पर विशेष रूप से ध्यान केंद्रित कर रही हैं।

अनन्या दत्ता ने अपने अभिनय करियर की शुरुआत बंगाली फिल्म “नटोबर नॉट आउट” से की, जिसमें उन्होंने रायमा सेन और मून मून सेन जैसी दिग्गज अभिनेत्रियों के साथ मुख्य भूमिका निभाकर अपनी प्रतिभा का परिचय दिया। इसके बाद “गॉड ओनली नोज़” और “डन्नो वाय 3” जैसी फिल्मों में भी उन्होंने अपने अभिनय से दर्शकों का ध्यान आकर्षित किया और हर किरदार में अपनी अलग छाप छोड़ी।

थिएटर की दुनिया में भी अनन्या दत्ता का सफर बेहद समृद्ध रहा है, जहां उन्होंने भरत दाभोलकर के “बॉटम्स अप गैंग” के साथ “ओह नो, नॉट अगेन” (150 से अधिक शो), “मंकी बिजनेस” (100 से अधिक शो), “फनी थिंग कॉल्ड लव”, “गॉट टू बी ऐश्वर्या” और “कैरी ऑन हेवन” जैसे चर्चित नाटकों में शानदार प्रदर्शन किया। वर्तमान में वह “दैट्स माई गर्ल” में अनंत महादेवन और श्वेता रोहिरा के साथ दर्शकों का मनोरंजन कर रही हैं। लगभग वह एक हजार से अधिक शो कर चुकी हैं।

डिजिटल प्लेटफॉर्म पर भी उन्होंने अपनी मजबूत उपस्थिति दर्ज कराई है। “लव, लाइफ एंड स्क्रू अप्स सीजन 2”, “लाइट्स, कैमरा, मर्डर” और “मार्गांव: द क्लोज्ड फाइल” जैसे प्रोजेक्ट्स में काम कर उन्होंने यह साबित किया है कि वह हर माध्यम में समान रूप से सहज और प्रभावशाली हैं। वहीं उनका फूड शो, जो मशहूर शेफ संजीव कपूर के “खाना खजाना” के साथ था और जिसका नाम “अनन्या’स पैशन” था, दर्शकों के बीच काफी लोकप्रिय रहा।

मॉडलिंग और विज्ञापन की दुनिया में भी अनन्या दत्ता एक जाना-पहचाना चेहरा हैं। उन्होंने रैंप वॉक, मॉडलिंग और प्रिंट शूट किए हैं। उन्होंने वीडियोकॉन, क्लोज-अप, स्प्राइट, थम्स अप, वोक्सवैगन, नेस्ले, ओनिडा, मारुति ओम्नी, कैस्ट्रोल, टेटली टी, वास्मोल और डी बीयर्स जैसे बड़े ब्रांड्स के साथ काम किया है। वहीं प्रिंट विज्ञापनों में कोलगेट, बिसलेरी, वीआईपी, सिटीबैंक, मोटरोला और आईबीएम जैसे प्रतिष्ठित नामों से जुड़ी रही हैं। साथ ही फैशन इंडस्ट्री में लोरियल, सब्यसाची और शैना एनसी जैसे बड़े डिजाइनर्स के लिए रैंप वॉक कर चुकी हैं और फेमिना, एल्ले, सोसाइटी जैसी नामचीन मैगजीन में फीचर हो चुकी हैं।

अनन्या दत्ता की खासियत यह है कि वह हर तरह के किरदार में महारत रखती हैं। हालांकि उन्हें मासूम (इनोसेंट) और कॉमेडी रोल विशेष रूप से पसंद हैं, लेकिन अपनी बहुमुखी प्रतिभा के कारण वह हर शैली के किरदार को पूरी ईमानदारी और प्रभाव के साथ निभाने में सक्षम हैं। वह ओडिसी और भरतनाट्यम में पारंगत डांसर हैं, साथ ही नृत्य की विभिन्न शैलियों में भी माहिर हैं।

वह अपने पसंदीदा निर्देशक के रूप में आदित्य धर को मानती हैं और उनका ड्रीम रोल हॉलीवुड फिल्म “क्लियोपेट्रा” जैसे प्रभावशाली किरदार को निभाना है, जो उनके बड़े विजन और अभिनय के प्रति गंभीरता को दर्शाता है।

अनन्या दत्ता का मानना है कि सफलता पाने के लिए केवल सपनों के पीछे भागना ही काफी नहीं है, बल्कि खुद को उस लायक बनाना सबसे जरूरी है। वह कहती हैं, “सपनों के पीछे भागो मत, पहले खुद को उसके लायक बनाओ, अपनी काबिलियत पहचानो। उसके बाद कदम आगे बढ़ाओ। किसी के बहकावे या दिखावे में आकर फैसला न लें। खुद को जांचना और योग्य बनना जरूरी है, तभी आपको सफलता मिलेगी।”

फिल्म, थिएटर और डिजिटल जैसे सभी प्लेटफॉर्म पर काम कर चुकी अनन्या दत्ता का अनुभव बेहद सकारात्मक रहा है और उन्होंने हर माध्यम में अपनी अलग पहचान बनाई है। यही कारण है कि आज वह इंडस्ट्री में एक भरोसेमंद और प्रतिभाशाली अभिनेत्री के रूप में उभरकर सामने आई हैं।

अब दर्शकों की निगाहें उनकी आगामी फिल्म “ज़िंदगी फिर भी खूबसूरत है” पर टिकी हैं, जिससे यह उम्मीद की जा रही है कि अनन्या दत्ता एक बार फिर अपने अभिनय से दर्शकों का दिल जीतने में कामयाब होंगी।
Next
This is the most recent post.
Previous
Older Post

Post a Comment

 
Top