मुंबई। मॉडल और अभिनेत्री सोनिया बंसल आज उस मुकाम की ओर बढ़ रही हैं, जहाँ मेहनत, आत्मविश्वास और प्रतिभा एक साथ नज़र आती है। हिंदी और दक्षिण भारतीय फिल्मों में अपने अभिनय का जादू बिखेर चुकी सोनिया ने लोकप्रिय रियलिटी शो बिग बॉस 17 में हिस्सा लेकर अपनी अलग पहचान बनाई। भले ही उनका सफर शो में छोटा रहा, लेकिन उनकी छवि दर्शकों के दिलों में खास जगह बना गई।
अपने हालिया साक्षात्कार में सोनिया ने बताया कि बिग बॉस में जाना उनके लिए गर्व का विषय था। उन्होंने इसके लिए कोई खास तैयारी नहीं की थी, बल्कि यह मौका उन्हें एक इत्तेफाक से मिला और उन्होंने उसे पूरे आत्मविश्वास के साथ स्वीकार किया। उन्होंने कहा कि यह अनुभव उनके लिए बेहद प्रेरणादायक रहा और इस दौरान उनकी बॉन्डिंग खानजादी के साथ काफी अच्छी रही, जिसने उनके सफर को और सहज बना दिया।
सोनिया का मानना है कि रियलिटी शो में सफलता के लिए शारीरिक और मानसिक रूप से फिट रहना बहुत जरूरी है। उन्होंने कहा कि अगली बार जब उन्हें किसी रियलिटी शो में जाने का मौका मिलेगा, तो वह खुद को पहले से ज्यादा फिट और मेंटली स्ट्रॉन्ग बनाकर जाएंगी।
अगर उनके करियर की बात करें तो सोनिया ने शुरुआत कॉरपोरेट जगत से की थी, लेकिन अपने सपनों को उड़ान देने के लिए उन्होंने मॉडलिंग का रास्ता चुना। कई बड़े फैशन शो, रैम्प वॉक और प्रतिष्ठित मंचों जैसे फिल्मफेयर और लैक्मे फैशन वीक में उन्होंने अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया। आज भी वह एक सफल मॉडल के रूप में सक्रिय हैं और साथ ही अपने अभिनय करियर पर पूरा ध्यान दे रही हैं।
सोनिया का झुकाव खासतौर पर दमदार और रियलिस्टिक किरदारों की ओर है। वह बायोपिक, मजबूत महिला किरदार और दबंग रोल्स करना पसंद करती हैं। प्रसिद्ध निर्देशक संजय लीला भंसाली की फिल्मों में अभिनेत्रियों के सशक्त चित्रण से वह बेहद प्रभावित हैं और खुद भी ऐसे ही किरदार निभाने का सपना देखती हैं। उनकी पसंदीदा फिल्मों में हीरामंडी और गंगूबाई काठियावाड़ी जैसे प्रोजेक्ट शामिल हैं, जिनमें महिला किरदारों को एक अलग ऊँचाई दी गई है।
मुंबई आना सोनिया के जीवन का सबसे बड़ा टर्निंग पॉइंट रहा। उन्होंने बताया कि मायानगरी में खुद को स्थापित करना आसान नहीं है, लेकिन अगर कोई धैर्य, मेहनत और सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़े, तो सफलता जरूर मिलती है। वह नए कलाकारों को भी यही सलाह देती हैं कि वे मानसिक रूप से मजबूत बनकर आएं और अपने लक्ष्य पर फोकस रखें।
अपने पसंदीदा कलाकारों के रूप में सोनिया बंसल अभिनेता सनी देओल के दमदार किरदारों और प्रियंका चोपड़ा व दीपिका पादुकोण जैसी अभिनेत्रियों के आत्मविश्वास और व्यक्तित्व को पसंद करती हैं। वह कहती हैं कि हर दिन कुछ नया सीखना और खुद को बेहतर बनाना ही उनकी सफलता का मंत्र है।
आज सोनिया बंसल सिर्फ एक मॉडल या अभिनेत्री नहीं, बल्कि उन युवाओं के लिए एक सशक्त उदाहरण बन चुकी हैं जो अपने सपनों को साकार करने का हौसला रखते हैं। आने वाले समय में वह बड़े प्रोजेक्ट्स और दमदार किरदारों के साथ दर्शकों के सामने अपनी एक नई पहचान बनाने को पूरी तरह तैयार हैं।
Post a Comment