अंतर योग फाउंडेशन के स्वामी उपेंद्र महाराज के नेतृत्व में विशेष साधना सम्पन्न
नवी मुंबई। महाशिवरात्रि के पावन पर्व पर अंतर योग फाउंडेशन द्वारा ठाणे में पहली बार आयोजित सर्वसुलभ एवं निःशुल्क जीवन-परिवर्तनकारी विशेष साधना अत्यंत उत्साह और श्रद्धाभाव के साथ सम्पन्न हुई। फाउंडेशन के संस्थापक ब्रह्मर्षि आचार्य उपेंद्र के मार्गदर्शन में आयोजित इस भव्य आध्यात्मिक आयोजन में ठाणे, नवी मुंबई और मुंबई क्षेत्र के 1000 से अधिक भक्तों एवं नागरिकों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।
प्रातः 7 बजे प्रारंभ हुए इस साधना शिविर में स्वास्थ्य, समृद्धि, सुदृढ़ संबंध, शैक्षणिक उन्नति तथा आध्यात्मिक प्रगति के लिए विविध प्रभावशाली कार्यक्रम आयोजित किए गए। साधकों ने ध्यान, जप, प्रार्थना एवं ऊर्जा-आधारित साधना का अनुभव प्राप्त कर गहन आत्मिक संतोष व्यक्त किया। कार्यक्रम के दौरान महामृत्युंजय यज्ञ तथा शिवलिंग पर अभिषेक जैसे पारंपरिक एवं प्रभावी अनुष्ठान सम्पन्न हुए। इच्छापूर्ति हेतु तपस्वी ब्राह्मणों द्वारा संकल्प कराया गया। साथ ही उपस्थित जनों के लिए विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा निःशुल्क स्वास्थ्य परामर्श उपलब्ध कराया गया। विशेष रूप से हीलिंग साधना के प्रभावों को जानने हेतु पूर्व एवं पश्चात चिकित्सीय जांच की सुविधा भी प्रदान की गई।
विद्यार्थियों के लिए अध्ययन में उत्कृष्टता प्राप्त करने हेतु विशेष साधना सत्र आयोजित किया गया, जिसमें अनेक अभिभावकों ने अपने बच्चों के साथ भाग लेकर सकारात्मक ऊर्जा, मानसिक स्थिरता और आत्मविश्वास में वृद्धि का अनुभव साझा किया। सहभागियों ने तनाव प्रबंधन, भावनात्मक संतुलन, नींद की गुणवत्ता तथा संबंधों में सकारात्मक परिवर्तन महसूस होने की बात कही। अनेक श्रद्धालुओं ने कहा कि “ऐसी दिव्य साधना का अनुभव जीवन में पहली बार हुआ,” और आयोजकों के प्रति आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर ब्रह्मर्षि आचार्य उपेंद्र ने कहा, “सही साधना करने पर यहीं और अभी त्वरित फल की अनुभूति होती है, यही सच्चा अध्यात्म है।” सामाजिक स्वास्थ्य को सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से अंतर योग फाउंडेशन देशभर में ऐसे कार्यशालाओं का आयोजन कर रहा है तथा तीन करोड़ लोगों तक इस अद्वितीय साधना को पहुंचाने का संकल्प व्यक्त किया गया।
Post a Comment