0



समाज में बढ़ते भेदभाव से किसी धर्म को नहीं सिर्फ़ इंसानियत को ख़तरा : नितेश राय

मुंबई। भारत देश में सबसे आदर्श शासन के लिए रामराज्य की चर्चा होती है। दिवाली के समय रामराज्य और अयोध्या और भी प्रासंगिक हो गए हैं। अब रामराज्य की इसी परिकल्पना पर आधारित अमनप्रीत सिंह, शोभिता राणा और सलमान शेख़ अभिनीत फिल्म 'रामराज्य' का ट्रेलर रिलीज के बाद से चर्चा में है।  यह फिल्म समाज के एक बड़े बदलाव की बात करती है। किस तरह से भ्रष्टाचार, धार्मिक लड़ाई के नाम पर राजनैतिक रोटियाँ सेंकने वाले कुछ लोग शिक्षा और स्वास्थ्य जैसे महत्वपूर्ण ज़रूरत को भूल जाते हैं। हाल ही में मुंबई में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में शोभिता राणा, सलमान शेख़, मुश्ताक़ खान, मनोज बक्शी, शाश्वत प्रतीक के साथ ही निर्माता प्रबीर सिन्हा और निर्देशक नितेश राय उपस्थित हुए।

 आजकल बॉलीवुड में हिंदुत्व पर आधारित फिल्में अधिक क्यों बन रही हैं? पत्रकारों के इस सवाल पर निर्माता प्रबीर सिन्हा ने कहा कि हमारी फिल्म रामराज्य किसी भी ऐसे ट्रेंड को फॉलो नहीं करती। यह फ़िल्म जब शूट हुई थी तो देश में इस तरह की कोई बात नहीं थी और साथ ही रामराज्य फिल्म में सभी समुदाय के कलाकारों ने अभिनय किया है। जब दर्शक फिल्म देखेंगे तो उन्हें रामराज्य की सही परिभाषा पता चलेगी।

 निर्देशक नितेश राय ने कहा, ट्रेलर को देखकर नहीं कहा जा सकता कि इस फिल्म की कहानी से कोई विशेष समुदाय ख़तरे में है। यह एकदम ग़लत है। समाज में बढ़ते भेदभाव से सिर्फ इंसानियत को ख़तरा है और हमारी फिल्म इस बात को बहुत मज़बूती के साथ रखती है। दर्शकों को फिल्म में मनोरंजन के माध्यम से एक महत्वपूर्ण संदेश दिखाई देगी।

 ली हीलीअस फिल्म्स के बैनर तले निर्मित फिल्म रामराज्य के निर्माता प्रबीर सिन्हा हैं जबकि कहानी शिवानंद सिन्हा ने लिखी है तथा स्क्रीनप्ले और संवाद मोहन प्रसाद ने लिखे हैं। इस फिल्म के निर्देशक नितेश राय हैं। इसमें मुख्य भूमिका में अमनप्रीत सिंह, शोभिता राणा और सलमान शेख़ के साथ गोविंद नामदेव, राजेश शर्मा, मुश्ताक़ खान, मनोज बक्शी, संदीप भोजक, शाश्वत प्रतीक, मुख़्तार देखानी महत्वपूर्ण भूमिकाओं में नज़र आएँगे। 

इस फिल्म की शूटिंग बोकारो, राँची, मुंबई और बनारस के विभिन्न लोकेशन पर की गयी है। 4 नवंबर को पूरे देश के सिनेमागृहों में रामराज्य प्रदर्शित होगी।

Post a Comment

 
Top