0
मुंबई। मीरा रोड पूर्व में इंद्रलोक फेस 3 स्थित हिंदू हृदयसम्राट बालासाहेब ठाकरे ग्राउंड में दो दिवसीय क्रिकेट टूर्नामेंट रावणा राजपूत प्रीमियर लीग सीजन 2 का आयोजन रावणा राजपूत समाज मुंबई महाराष्ट्र द्वारा शनिवार 4 अप्रैल और रविवार 5 अप्रैल को किया गया।  
रावणा राजपूत समाज मुंबई (महाराष्ट्र) के पदाधिकारियों द्वारा संत शिरोमणि अनोपदास जी महाराज और हाईफा हीरो मेजर शहीद दलपत सिंह देवली की चित्र पर माल्यार्पण के साथ दीप प्रज्ज्वलित कर टूर्नामेंट की शुरुआत की गई।
टूर्नामेंट में आठ क्रिकेट टीम - हाइफा हीरो मेजर दलपत सिंह वॉरियर्स, मेवाड़ सुपर किंग्स, जय भवानी बेड़ा क्रिकेट क्लब, लीजेंड वॉरियर्स, सुभद्रा अर्जुन वॉरियर्स, मन्नत इंटरप्राइजेज मुंबई, के वाई 11 दादर, कुंभलगढ़ वॉरियर्स के बीच मैच खेला गया। मैदान में रावणा राजपूत समाज के बल्लेबाजों और गेंदबाजों ने शानदार प्रदर्शन किया साथ ही सभी खिलाड़ियों ने चुस्ती फुर्ती के साथ क्षेत्ररक्षण और विकेटकीपिंग में अपनी क्षमता दिखाई। अनुभवी बल्लेबाजों ने चौंके छक्को की झड़ी लगा दी जिससे दर्शक दीर्घा में बैठे समाज के लोगों ने मैच का भरपूर आनंद उठाया।
मैच के दो दिवसीय आयोजन में 15 मैच खेला गया। रविवार 5 अप्रैल को फाइनल मैच मेवाड़ सुपर किंग और के वाई 11 दादर के बीच खेला गया। इस रोमांचक मुकाबले में के वाई 11 दादर टीम ने चैंपियनशिप की ट्रॉफी अपने नाम किया। वहीं मेवाड़ सुपर किंग्स उप विजेता बनी।
समाज के युवाओं का हौसला बढ़ाने के लिए क्रिकेट मैच आयोजित किया गया। खेल की कमेंट्री कालू सिंह (सूरत, गुजरात) और प्रदीप राय ने की।
आरआरपीएल सीजन 2 में दिनेश सिंह पंवार ने जर्सी स्पॉन्सर किया। खेल मैदान स्पॉन्सर के रूप में हड़मंत सिंह इंदा, महेंद्र सिंह इंदा, मोहन सिंह इंदा का नाम प्रमुख रहा।
मैच के आयोजन में उल्लेखनीय योगदान देने वाले भामाशाहों को मंच पर बुला बुलाकर रावणा राजपूत समाज मुंबई अध्यक्ष अजीत सिंह पंवार ने सम्मानित किया।
मैच के दौरान मीरा भायंदर के विधायक व भाजपा के दिग्गज नेता नरेंद्र मेहता, नगरसेवक संजय थरथरे, नगरसेवक शंकर विरकर ने मैदान में अपनी गरिमामयी उपस्थिति दर्ज कराते हुए रावणा राजपूत समाज के सभी खिलाड़ियों और आयोजकों को बधाई दी।
नरेंद्र मेहता ने कहा कि युवाओं को हर क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए समाज को प्रोत्साहित करना चाहिए। युवाओं को संगठित रहना चाहिए। लोकप्रिय खेल क्रिकेट हर वर्ग और समाज के लोगों को जोड़ता है। मुंबई अध्यक्ष अजीत सिंह पंवार सहित समाज के युवाओं के अथक परिश्रम से टूर्नामेंट खेला गया।
मुंबई अध्यक्ष अजीत सिंह पंवार ने कहा कि इस मैच के आयोजन के माध्यम से हमारे समाज को युवाओं को प्रोत्साहन प्रदान करना था। खेलने से शरीर में ऊर्जा का संचार होता है और स्वास्थ्य ठीक रहता है। युवाओं में परस्पर सहयोग बनता है। एक दूसरे के संपर्क में आने से विचार मिलते हैं और व्यापार का अवसर बनता है। समाज के सभी बंधुओं ने इस आयोजन में भरपूर सहयोग दिया इसलिए उनका आभार मानता हूं।
आरआरपीएल सीजन 2 क्रिकेट टूर्नामेंट के आयोजन को सफल बनाने में सोहन सिंह पंवार (मुंबई संरक्षक), अजित सिंह पंवार (मुंबई अध्यक्ष), दिनेश सिंह पंवार (महासचिव), मदन सिंह कच्छावा (कोषाध्यक्ष), कुलदीप सिंह परमार (युवा अध्यक्ष मुंबई), अर्जुन सिंह राठौड़ (खेल मंत्री), नटवर सिंह परिहार (खेलमंत्री) ने अथक परिश्रम किया और सुनियोजित ढंग से सब व्यवस्था किया गया था। समाज के भामाशाहों के आदर सत्कार में कोई कसर नहीं छोड़ा गया।

संतोष साहू
Next
This is the most recent post.
Previous
Older Post

Post a Comment

 
Top